महिला के थैले में डाली मोबाइल नंबर लिखी पर्ची, फिर करने लगा परेशान


भोपाल। नवबहार सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के दौरान एक सब्जी व्यापारी ने महिला ग्राहक के थैले में एक पर्ची छोड़ दी। इसमें उसने अपना मोबाइल नंबर लिखा था। घर पहुंचने पर सब्जी में मिली पर्ची पर महिला ने फोन किया। बात होने पर व्यापारी महिला को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने लगा। करीब 15 दिन तक लगातार एसएमएस आने से परेशान महिला ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया। इधर, कोलार इलाके में एक नाबालिग ने अपने सौतेले पिता के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया।



हनुमानगंज निवासी 32 वर्षीय महिला शादीशुदा है। एएसआई हनुमानगंज नवनीत वर्मा के अनुसार करीब 15 दिन पहले महिला मंडी में सब्जी लेने गई थी। सब्जी लेने के बाद घर लौटने पर उसे थैले में एक पर्ची मिली। इस पर एक मोबाइल फोन नंबर लिखा था। महिला के कॉल करने पर युवक ने अपनी पहचान 25 वर्षीय वसीम के रूप में बताई। इसके बाद वसीम महिला को लगातार फोन कॉल और एसएमएस करने लगा। करीब 15 दिन तक वसीम अश्लील एसएमएस व जान से मारने की धमकी भरे मैसेज भेजता रहा। परेशान होकर महिला ने गुरुवार को आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया।



मां और सौतेले पिता पर केस दर्ज
इधर, कोलार इलाके में 15 वर्षीय किशोरी ने अपनी मां और सौतेले पिता के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया। किशोरी ने आरोप लगाए कि पिता उसे सौतेला कहकर बुरा बर्ताव करते हैं। बीते 8 अक्टूबर को सौतेले पिता ने उसके साथ घर में अश्लील हरकत की। विरोध करने पर जाने से मारने की धमकी दी। कोलार पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर आरोपी सौतेले पिता पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।